राजनांदगांव में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
राजनांदगांव। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने राजनांदगाँव में बडी़ कार्रवाई की है। विभाग ने शहर के बीच से महंगी शराब का बडा़ जखीरा बरामद किया है।
आबकारी विभाग ने शहर में जिस शराब के जखीरे को जब्त किया है उसे देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। इस बार मामला लोकल या सस्ती शराब का नहीं बल्कि रेड लेबल, ब्लैक लेबल, बुलडॉग से लेकर बडवाइज़र जैसी महंगी और प्रीमियम ब्रांड की शराब की बोतलों से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग ने लंबे समय से मिल रही सूचनाओं के आधार पर यह छापेमारी की।
आबकारी विभाग द्वारा जिस स्थान से शराब जब्त की गई वहां से सैकड़ों की संख्या में विभिन्न राज्यों की प्रीमियम ब्रांडेड शराब बरामद हुई है। विभाग के अनुसार यह राजनांदगांव जिले के इतिहास में पहली बार है जब इतने बड़े पैमाने पर महंगे ब्रांड की अवैध शराब पकड़ी गई है जो आमतौर पर बड़े रईसों और सेलिब्रिटीज की पार्टियों में परोसी जाती है।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के दिशा निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान टीम में कुसुमलता झोले, एडीवो अनिल कुमार सिंह, सब-इंस्पेक्टर दीपक गुप्ता, मुख्य आरक्षक ओमप्रकाश सिंह और आरक्षक आर्यन ठाकुर शामिल थे। जब्त की गई शराब की मात्रा इतनी अधिक थी कि अधिकारियों को इसकी गिनती और श्रेणीकरण में काफी समय लगा।
आबकारी विभाग ने इस मामले में जितेंद्र साहू नामक व्यक्ति को आरोपी बनाया है। विभाग का कहना है कि महंगी ब्रांड की शराब का अवैध व्यापार तेजी से बढ़ रहा था जिस पर अब नकेल कसने की दिशा में यह बड़ी कार्रवाई साबित होगी।
विभाग आगामी दिनों में भी अवैध शराब कारोबार पर सख्त निगरानी जारी रखने वाला है। खबर की जानकारी साथी भाई दीपांकर खोबरागढे़ ने उपलब्ध कराई।
