खेत गई महिलाओं पर हुआ मधुमक्खी का हमला
अपनी जान देकर पिता ने पुत्र को बचाया
बजरंगपुर नवागाँव की घटना
राजनांदगांव। शहर के नवागांव वार्ड में बीड़ी श्रमिक कॉलोनी के समीप रहने वाली एक महिला और एक युवक की मधुमक्खी के हमले से मौत हो गई। दो मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मधुमक्खी के हमले में अपने पुत्र को बचाने एक पिता की जान चली गई। इस इस हृदय विदारक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
शनिवार की सुबह रोज की तरह नवागांव बीडी कॉलोनी के समीप रहने वाली कुछ महिलाएं खेत पर काम करने गई हुई थी। सुबह लगभग 10 बजे के करीब पार्वती साहू, सुमित्रा साहू, माया डोंगरे, सुनीति यादव और सुशील देवांगन ने रेलवे ट्रैक के समीप लगे खेत के मेड़ पर पहुंचकर अपना टिफिन, मोबाइल फोन और मोरा मेड़ पर रखा। तभी सैकड़ों मधुमक्खियां ने इन पांच महिलाओं पर हमला कर दिया। मधुमक्खी द्वारा काटे जाने से महिलाओं में अफरा- तफरी मच गई । जान बचाकर भागने के फेर में खेत की मेड के समीप ही तीन महिलाएं गिर गई। वही दो महिला वहां से भागते हुए मदद के लिए चीख -पुकार करने लगी। तभी रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे कुछ मजदूरों ने महिलाओं के परिजनों को फोन किया। तब तक मधुमक्खी का शिकार हुई तीन अन्य महिलाएं भी कुछ दूर आई और गांव वालों की सहायता से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। तीनों महिलाओं को काफी मधुमक्खियां ने काटा था। जिनकी हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पार्वती साहू को बसंतपुर जिला अस्पताल ले जाया गया।
पुत्र को बचाने ओढ़ाया अपना कंबल
इधर मधुमक्खी के हमले के बाद महिलाओं द्वारा मेड पर छोड़े गए सामान को लाने सुनीति यदु का पुत्र शिव यदु अपने 12 वर्षीय पुत्र बिट्टू यदु के साथ घटनास्थल पर पहुंच गया। उसके पहुंचते ही मधुमक्खियां ने उस पर भी हमला कर दिया। हालांकि उसने ऐतिहातन कंबल ओढ़ रखा था लेकिन मधुमक्खी ने साथ पहुंचे उनके पुत्र बिट्टू पर भी हमला किया तो शिव यदु ने अपना कंबल निकाल कर अपने पुत्र को ओढ़ा दिया। इस दौरान सैकड़ो मधुमक्खियां के एक साथ हमले की वजह से शिव यदु बुरी तरह घायल हो गया। जैसे तैसे वह अपने पुत्र को लेकर घर पहुंचा और फिर यहां से दोनों पिता और पुत्र को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां रात लगभग 9 बजे के आसपास शिव यदु की मौत हो गई।
सुबह महिला की मौत
मधुमक्खी के हमले में घायल लगभग 55 वर्षीया महिला सुशीला देवांगन ने भी तड़के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इधर गांव में दो मौत के बाद मातम पसर गया। दोनों ही मृतकों के घर चंद कदम के फासले पर ही हैं। मधुमक्खी के हमले में हुए इस मौत के बाद गांव के लोग सकते में आ गए हैं ।
करगा निंदाई के लिए गए थे खेत
जिला अस्पताल में उपचारार्थ मधुमक्खी के हमले से घायल 42 वषीया पार्वती साहू ने बताया कि वह अन्य महिलाओं के साथ खेत में करगा निंदाई के लिए गई हुई थी। जब वह खेत के मेड पर अपना सामान रख रहे थे तभी सैकड़ो मधुमक्खियां ने हमला किया। उन्होंने अपनी जान बचाने साड़ी के पल्लू से अपना चेहरा भी ढक लिया। इसके बाद भी मधुमक्खियां उन्हें डंक मारती रहीं। इसके बाद वह अपनी जान बचाकर मौके से भागी और लोगों को मदद के लिए आवाज लगाई।
घायलों का उपचार जारी
घायल महिलाओं ने बताया कि उन्होंने खेत के आसपास मधुमक्खियां का कहीं भी बड़ा छाता नहीं देखा है। वे रोज खेत में काम के लिए जाती थी लेकिन शनिवार की सुबह यह मधुमक्खियां कहां से आई नहीं पता। मधुमक्खी के हमले में घायल महिलाओं और मृतक शिव यदु के पुत्र का उपचार जारी है।
