प्रदेशभर के 90 हजार ड्राइवर होंगे शामिल
राजनांदगाँव। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन द्वारा अपनी तीन प्रमुख मांगों को लेकर 25 अक्टूबर से स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन के तहत अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जाएगा। ड्राइवर महासंगठन के लोगों ने शहर में मोटरसाइकिल रैली निकाली और कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर ज्ञापन दिया।
ड्राइवर महासंगठन द्वारा शहर में मोटरसाइकिल रैली निकालते हुए कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की गई। संगठन के जिला अध्यक्ष हेमनाथ देवांगन ने कहा कि अनिश्चितकालीन हड़ताल से पहले तीन बार ज्ञापन दिया जा चुका है। वहीं 1 अक्टूबर तक मांगे पूरी करने सरकार को समय दिया गया था, लेकिन सरकार ड्राइवरों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। इस वजह से अब 25 अक्टूबर से स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरुआत की जाएगी।
तीन प्रमुख मांग
प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी, छत्तीसगढ़ राज्य में ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन, ड्राइवर के लिए सुरक्षा कानून आयोग का गठन करने की प्रमुख मांग रखी गई है। ड्राइवर महाछृसंगठन द्वारा बताया गया कि प्रदेश में संगठन के 90 हजार से अधिक वाहन चालक हैं जिसमें ट्रक, बस, टैक्सी शामिल हैं। सभी हड़ताल पर रहेगे।
संगठन की अन्य मांगे
ड्राइवर महासंगठन द्वारा अपनी तीन प्रमुख मांगों के अलावा ड्राइवर की दुर्घटना में मृत्यु होने पर 20 लाख रुपए का मुआवजा, विकलांगता पर परिवार को 10 लाख का मुआवजा, 1 सितंबर को ड्राइवर दिवस घोषित करने, छत्तीसगढ़ राज्य में ड्राइवरों के बच्चों को निजी स्कूलों में शिक्षा का 10 प्रतिशत आरक्षण, राज्य में ड्राइवर के परिवार के लिए हेल्थ कार्ड जारी करने, 55 वर्ष उम्र पश्चात सरकार की तरफ से पेंशन राशि देने की मांग की गई है ।
