दीपावली पर्व के पूर्व शहर के बाजार को व्यवस्थित करने का आग्रह
राजनांदगाँव। शहर के जागरूक नागरिक और सेवानिवृत्त शिक्षण रणविजय प्रताप सिंह ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और निगम प्रशासन से अपील की है कि दीपावली के पूर्व शहर के जयस्तंभ चौक और अन्य जगहों में लगने वाले पसरा टाइप के बाजार को फ्लाईओव्हर के नीचे व्यवस्थित किया जाए। ऐसा करने से सभी का व्यवसाय भी सुचारू चलेगा और यातायात भी बाधित नहीं होगा।
सिंह ने कहा कि दीपावली के अवसर पर समस्त दुकानदार, छोटे और बड़े सभी प्रकार के व्यवसायी अपने व्यापार को सुव्यवस्थित करने के लिए दुकानों को सजाते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से एक विनम्र अपील की है कि पसरा टाइप का जो बाजार जयस्तम चौक में लगता है और जिसकी वजह से ट्रैफिक बाधित होता है, उसे फ्लाईओवर के नीचे अभी से व्यवस्थित करने की अगर प्लानिंग की जाए तो शहर की यातायात व्यवस्था बहुत अच्छी हो जाएगी और वहां जाने वाले छोटे व्यवसाईयों का व्यापार भी बहुत अच्छा चलेगा।
राजनंदगांव जिला प्रशासन के मुखिया कलेक्टर, एसपी और नगर निगम कमिश्नर से गुजारिश की गई है कि इस दिशा में अभी से सार्थक पहल करें। इसका रिजल्ट बहुत अच्छा निकलेगा और बाजार करने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। वाहन चोरी का भी भय खत्म हो जाएगा।
