शरद पूर्णिमा पर पार्षद शिवा वर्मा ने दी शुभकामनाएं
राजनांदगांव। नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर सभी नगरवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह रात देवी लक्ष्मी के पृथ्वी पर आगमन की प्रतीक मानी जाती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार जो व्यक्ति इस रात जागरण कर लक्ष्मी जी का ध्यान और पूजन करता है उसके घर में स्थायी रूप से मां लक्ष्मी का वास होता है।
वर्मा ने कहा कि शरद पूर्णिमा की रात विशेष महत्व रखती है क्योंकि इस दिन चंद्रमा अपनी पूर्ण कलाओं से युक्त होकर पृथ्वी पर अमृत वर्षा करती है। कहा जाता है कि इस रात चंद्रमा का दर्शन करने से मन को शीतलता और मानसिक शांति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों में यह भी उल्लेख मिलता है कि शरद पूर्णिमा की रात चंद्रकिरणों में अमृत तत्व निहित होता है। इसी कारण से परंपरा रही है कि इस रात को दूध और चावल से बनी खीर को खुले आकाश के नीचे रखा जाता है ताकि उसमें चंद्रकिरणों का अमृत रस समाहित हो सके। अगले दिन यह खीर प्रसाद के रूप में ग्रहण की जाती है जो स्वास्थ्य, सौभाग्य और समृद्धि प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें जागरण, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने नगरवासियों से आह्वान किया कि सभी लोग इस पवित्र अवसर पर मां लक्ष्मी का ध्यान करें। अपने घरों में दीप जलाएं और चंद्र दर्शन अवश्य करें। जिससे उनके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।
