आंबेडकर चौक पर लगे स्तूप की हो गई है दुर्दशा
जनप्रतिनिधियों को सुध नहीं, अब कलेक्टर से है अपेक्षा
राजनांदगाँव। शहर के आंबेडकर चौक के बीच में बडा़ सा स्तूप बनाया गया है और उस स्तूप के दोनों तरफ भारतीय संविधान को दर्शाया गया है और उसके नीचे लिखा गया है “भारत का संविधान”। जिसने भी जिस भी सोच के साथ इस काम की पहल की वह पहल थी तो शानदार पर अब इस स्थल की दुर्दशा हो गई है।
“दिशा चक्र” ने आंबेडकर चौक में इस स्थल का जायजा लिया तो पाया कि स्तूप धूल धक्कड़ से अटा पडा़ है और इस जगह की कभी सफाई हुई भी होगी ऐसा नहीं लगता। स्तूप के शिखर पर दोनों और लगाए गए भारतीय संविधान में लिखे गए शब्द उखड़ने लगे हैं और किताब के पन्ने खाली होने लगे हैं। किताब के नीचे दोनों ओर “भारत का संविधान” लिखा गया है। एक तरफ “भारत का संविधान” तो दिख रहा है पर दूसरी तरफ “भारत का” गायब हो गया है और सिर्फ “संविधान” नजर आ रहा है।
आंबेडकर चौक शहर का मध्य नहीं है, एक छोर है लेकिन इस चौक से शहर आपस में जुड़ता है। एक रास्ता वीआईपी मार्ग की ओर जाता है तो दूसरा ममता नगर की ओर। यह चौक कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक आवास के इलाके यानि रामकृष्ण नगर और शहर को आपस में जोड़ता है तो कलेक्टोरेट भी इसके करीब है। कलेक्टर सहित जिले के सभी आला अफसर हर दिन इसी चौक से गुजरते हुए अपने दफ्तर जाते हैं। आम लोगों का भी नियमित आना जाना होता है।जनप्रतिनिधियों का भी यहाँ से गुजरना होता है।
अपने आप में आश्चर्यजनक है कि इसके बाद भी किसी का ध्यान इस स्तूप पर नहीं गया। जिले के नवपदस्थ कलेक्टर जितेन्द्र यादव के बारे में सुना है कि वे बेहद अनुशासन प्रिय और शानदार शख्सियत के स्वामी हैं। हम उम्मीद करते हैं कि हमारी इस खबर के बाद वे इस स्तूप की ओर ध्यान देंगे और इसे सही और साफसूथरा रूप देने के लिए न सिर्फ निर्देश देंगे बल्कि इस काम को करवाएंगे भी।
