गाडि़यों की हुई चेकिंग, स्टेशन में भी जांच
राजनांदगांव। देश की राजधानी दिल्ली के लाल किला के पास कार में विस्फोट और इसके बाद कई लोगों की मौत होने के बाद पूरे देशभर में पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। राजनांदगाँव में भी पुलिस ने जांच अभियान चलाया है औरगा गाडि़यों और स्टेशन में ट्रेनों में भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। हाल ही में दिल्ली में हुए घटना के मद्देनज़र राजनांदगांव पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए जिले में संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान जारी किया है।
बीडीएस (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) टीम एवं डॉग स्कॉट टीम द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख सार्वजनिक स्थल एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है। थाना बागनदी, सोमनी, डोंगरगांव, चिखली, बसंतपुर, लालबाग एवं कोतवाली क्षेत्र के चौक-चौराहों एवं बॉर्डर इलाकों में वाहन व व्यक्तियों की सघन जांच जारी है। चेकिंग के दौरान आने-जाने वाले वाहनों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं बस्तियों में सुरक्षा जांच की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को निरंतर पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर कार्यवाही की जा सके। राजनांदगांव पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर परिस्थिति में तत्पर है।
