फर्जी बिल लगाकर किया था 30 लाख का गबन
राजनांदगांव। सोमनी थाना क्षेत्र स्थित न्यू लुक बायो फ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड (ग्राम फुलझर) में लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी के ही अकाउंटेंट ने एक ब्रोकर के साथ मिलीभगत कर फर्जी बिलों के जरिए कंपनी को करीब 28 से 30 लाख रुपये का चूना लगा दिया था। सोमनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में आरोपी अकाउंटेंट और ब्रोकर को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से 3 लाख 20 हजार रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त लैपटॉप व मोबाइल जब्त किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार न्यू लुक बायो फ्यूल्स कंपनी इथेनॉल उत्पादन के लिए राइस मिलों और व्यापारियों से टूटा चावल (कनकी) खरीदती है। इसके लिए कंपनी ने दुर्ग निवासी दिलीप गोलछा को बतौर ब्रोकर नियुक्त किया था लेकिन दिसंबर 2025 के अंत में प्रबंधन को पता चला कि ब्रोकर दिलीप गोलछा ने कंपनी के अकाउंटेंट अमित कुमार गुप्ता के साथ सांठगांठ कर ली है। आरोपी दिलीप गोलछा ने दुर्ग और धमतरी में जय महावीर एग्रो नाम से अपनी फर्म बनाई थी। अकाउंटेंट अमित कुमार गुप्ता दिलीप की फर्मों के नाम से आने वाले मूल बिलों का दोबारा फर्जी बिल (डुप्लीकेट बिल) तैयार करता था और कंपनी के खाते से लाखों रुपये आहरित कर लेता था।
कंपनी प्रबंधक की शिकायत पर सोमनी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरूण कुमार नामदेव ने टीम गठित कर छापेमारी की। पुलिस ने आरोपी अमित कुमार गुप्ता (34) निवासी रायपुर और दिलीप गोलछा (49) निवासी दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने पिछले डेढ़ से दो माह के दौरान 28 से 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 3,20,000/- रुपये नगद, 1 लैपटॉप, 2 मोबाइल और 1 पेन ड्राइव जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(4), 3(5), 338, 336(3), और 340(2) के तहत कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
