पूर्व में अध्यक्ष रहे तीन उम्मीदवारों को पराजित कर मोहन तिवारी बने राजधानी के पत्रकारों के मुखिया
रायपुर। प्रदेश की राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब का चुनाव बडे़ उत्साहपूर्ण माहौल में मंगलवार को हुआ। इस चुनाव में कुछ पदों पर कडी़ टक्कर हुई। प्रतिष्ठापूर्ण इस चुनाव में टीवी 24 के मोहन तिवारी अध्यक्ष चुने गए। मोहन ने रायपुर प्रेस क्लब के तत्कालीन अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर और पूर्व में अध्यक्ष रहे अनिल पुसदकर व कृष्ण कुमार शर्मा सहित 5 प्रत्याशियों को पराजित कर अध्यक्ष पद का मुकाम हासिल किया।
राजधानी के पत्रकारों के सबसे मुख्य संगठन प्रेस क्लब रायपुर का चुनाव विवादों और तनाव के बाद प्रशासन की निगरानी में हुआ। अध्यक्ष टीवी 24 के मैनेजिंग एडिटर मोहन तिवारी बने। तिवारी को 268 वोट मिले जबकि उनके निकटवर्ती उम्मीदवार क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर को 131 वोट मिले। चुनाव में अनिल पुसदकर को 88, कृष्ण कुमार शर्मा को 21, प्रशांत दुबे को 101 और सुनील नामदेव को 38 वोट मिले।
रायपुर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष दिलीप कुमार साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार यदु, महासचिव गौरव शर्मा, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगडे़ निर्वाचित हुए। जीत के बाद प्रेस क्लब के नव निर्वाचित अध्यक्ष मोहन तिवारी और बाकी सभी पदाधिकारियों ने राजधानी के पत्रकारों के हित में हर संभव कार्य करने का भरोसा दिया है।
