डोंगरगढ़ नगर में निकली भव्य शोभायात्रा
राजनांदगाँव/डोंगरगढ़। नगर में रामायण के रचयिता, आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस बड़ी ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
समाज के अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तरुण हत्थेल के नेतृत्व में सुदर्शन वाल्मीकि समाज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। प्रभातफेरी और शोभायात्रा के रूप में निकले इस आयोजन में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। भगवान वाल्मीकि जी की पूजा-अर्चना कर समाजजनों ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
शोभायात्रा का नगर में विभिन्न स्थानों पर जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। रेलवे चौक व्यापारी संघ, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हनुमान भक्त युवा समिति गोलबाजार, जयस्तंभ चौक और भारत माता चौक में स्थानीय नागरिकों और संस्थाओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया।
समारोह का समापन इंदिरा नगर वार्ड क्रमांक 5 स्थित सुदर्शन बाल्मीक अंबेडकर भवन में हुआ। इस अवसर पर तरुण हत्थेल ने संबोधित करते हुए कहा कि भगवान वाल्मीकि जी के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि 7 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस पर शासकीय अवकाश घोषित किया जाए।
कार्यक्रम में मां शीतला महिला समिति, नवयुवक रघुनंदन समिति, समाज के वरिष्ठजन और बच्चों ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। सामाजिक एकता और सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए समाज ने यह संदेश दिया कि एकजुटता से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
