पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद में दो युवकों ने चाकू से वार कर ले ली जान
भिलाई। दिवाली की रात भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र के बैरागी मोहल्ला में पटाखा जलाने को लेकर हुए विवाद में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। नशे में धुत दो युवकों ने बुजुर्ग पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने बताया कि छावनी बैरागी मोहल्ला निवासी गणेश बैरागी (65) फेरी लगाकर खिलौने और फुग्गे बेचने का काम करते थे। दिवाली की रात वे घर लौटे थे कि उसी दौरान मोहल्ले के संजय कुमार और शुभम कुमार नामक दो युवक एक लड़की से पटाखा जलाने को लेकर विवाद करने लगे। दोनों ने नशे में लड़की से मारपीट शुरू कर दी। घबराई हुई लड़की जान बचाने के लिए गणेश बैरागी के घर में घुस गई।
गणेश बैरागी ने दोनों युवकों को समझाया कि दिवाली का दिन है पटाखा को लेकर झगड़ा मत करो लेकिन नशे में चूर दोनों युवकों ने गणेश पर ही हमला बोल दिया। उन्होंने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे गणेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही छावनी टीआई मनीष शर्मा ने टीम गठित कर दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया। टीआई मनीष शर्मा ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में थे। पटाखा विवाद के दौरान उन्होंने गणेश बैरागी पर हमला कर दिया। दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
