महापौर और आयुक्त के निर्देश पर चौक चौराहों पर दिखा सफाई अमला
राजनांदगांव। दीपावली के दूसरे दिन नगर पालिक निगम के सफाई कर्मचारियों ने सुबह से ही शहर की सड़कों, चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर फैले त्यौहारी कचरे की सफाई में जुटकर सराहनीय कार्य किया। जयस्तंभ चौक, गंज चौक, नंदई चौक सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर निगम के सफाई दल ने पूरी तत्परता के साथ कचरा उठाया और शहर को स्वच्छ रूप प्रदान किया।
दीपावली पर्व के दौरान शहरभर में की गई खरीदारी और सजावट के कारण सड़कों पर भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री, कागज, प्लास्टिक और अन्य कचरा इकट्ठा हो गया था। निगम के सफाई कर्मचारियों ने तड़के से ही मोर्चा संभालते हुए सभी मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों की सफाई कर दी जिससे शहरवासी सुबह उठते ही साफ-सुथरी सड़कों का नजारा देख प्रसन्न नजर आए।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि त्योहारी सीजन में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दीपावली के बाद भी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सफाई कर्मियों की अतिरिक्त टीमों को लगाया गया है।
शहरवासियों ने भी नगर निगम के इस त्वरित सफाई अभियान की सराहना करते हुए कहा कि दिवाली के बाद इतनी जल्दी सफाई होना निगम की सक्रियता को दर्शाता है।
हालाँकि दीपावली के दूसरे दिन फिर रात भर पटाखे फोडे़ गए जिसकी वजह से फिर से सड़कों पर कचरा हो गया है। अब गोवर्धन पूजा के दिन सुबह ही स्पष्ट होगा कि क्या सफाई अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा।
