रोड अतरिया की घटना, गांव में दहशत का माहौल
राजनांदगाँव/गंडई पंडरिया। गंडई के नजदीक ग्राम रोड अतरिया में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। आज अलसुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच एक दंपति की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान बाबूलाल शोरी (55) वर्ष और उनकी पत्नी सुनीती बाई शोरी (51)वर्ष के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
ग्रामीणों द्वारा दिए सूचना पर गंडई थाना प्रभारी राजेश देवदास पुलिस टीम के साथ पहुंचे और दंपत्ति के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतक दंपति के पड़ोसी भगवती गोंड (35) को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी मृतक के घर के ठीक सामने रहता था। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है लेकिन पुलिस आपसी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है।
थाना प्रभारी राजेश देवदास ने बताया कि संदेही से पूछताछ जारी है और हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश की जा रही है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति की घटना न बने।
दंपति की निर्मम हत्या के बाद अतरिया गांव में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि दोषियों को कठोर सजा मिले ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी भगवती गोड उम्र 35 वर्ष एक आदतन अपराधी है। ग्रामीण बताते हैं कि वह मृतक के घर में कुछ साल पहले दरवाजों और पलंग पर बिजली का करंट लगाकर चोरी करता था। हत्या के पीछे मुख्य कारण चोरी और पुरानी रंजिश मानी जा रही है। मृतक शिक्षक बाबूलाल सोरी ने पूर्व में भगवती गोड की हरकतों की गंडई पुलिस में मौखिक शिकायत भी की थी जिसके बाद उन्होंने अपने घर में सीसीटीवी कैमरा भी लगवाया था। पुलिस अब इन फुटेज की मदद ले रही है जिससे हत्याकांड के पीछे का असली मकसद सामने आने की उम्मीद है।
पड़ोसियों ने दबोचा, पुलिस पहुंची बाद में
10 अक्टूबर शुक्रवार को सुबह लगभग 5 बजे जब भगवती गोड पीड़ित के यहां आ रही आवाज और शोर गुल से होते हुए भाग रहा था तभी सतर्क पड़ोसियों ने उसे संदिग्ध मानकर दबोच लिया। वे उसे मृतक के घर ले गए जहां ग्रामीणों ने देखा कि दोहरा हत्याकांड हुआ है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गंडई पुलिस को दी। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार भगवती गोड की पुरानी शिकायतों पर गंडई पुलिस द्वारा समुचित कार्रवाई नहीं की गई थी जिसके कारण शायद उसके हौसले बुलंद हुए। संभवत इसी के चलते उसने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
सड़क अतरिया में हाल ही के वर्षों में चोरी, मारपीट और आपराधिक घटनाओं में आई वृद्धि के लिए ग्रामीण सुस्त पुलिसिया कार्रवाई को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। हत्या की खबर मिलते ही खैरागढ़ से एडिशनल एस पी नितेश गौतम सहित पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंचा और जांच पंचनामा की कार्यवाही शुरू की। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है लेकिन गांव में असंतोष और तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक दंपति के तीन बेटियां विवाहित और दो बेटे अविवाहित हैं जो घर से बाहर रहकर पढ़ाई लिखाई कर रहे है। पुलिस अब मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
घटना स्थल से मीडिया को रखा दूर
घटना की सूचना मिलते ही गंडई से मीडिया की टीम पहुंच गई लेकिन पुलिस ने मीडिया को घटना स्थल से दूर रखने की कोशिश की। जहां मृतकों के शव रखे थे वहां घर के बाहर पुलिस के जवान को सुरक्षा के लिहाज से रखा गया था। सूत्रों ने बताया की अंदर जाने के लिए नेताओं को मनाही नहीं थी लेकिन मीडियाकर्मी को अंदर जाने नही दिया जा रहा था।
