उत्तरप्रदेश के मत्स्य पालन क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा, देश भर के हज़ारों किसान बनेंगे इस ऐतिहासिक पल के साक्षी
राजनांदगाँव। देश के मत्स्य पालन और प्रोटीन उत्पादन क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारत के अग्रणी प्रोटीन उत्पादक एबीएस फूड्स एंड प्रोटींस प्राइवेट लिमिटेड (आईबी ग्रुप) के जगदीशपुर अमेठी स्थित अत्याधुनिक एबीस फिश फीड प्लांट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल 11 अक्टूबर को करेंगे।
यह विशाल प्लांट ‘प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना’ के अंतर्गत स्थापित किया गया है और यह उत्तर प्रदेश सहित पूरे उत्तर भारत में मछली आहार की बढ़ती मांग को पूरा करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर देश भर से 6000 से अधिक मत्स्य पालक और व्यापारी इस समारोह से जुड़ेंगे।
आईबी ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर बहादुर अली ने कहा कि आईबी ग्रुप पिछले 40 वर्षों से देश में उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन को सुलभ और सस्ता बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग 25 साल पहले हमने छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में देश का पहला फ्लोटिंग फिश फीड प्लांट लगाकर एक शुरुआत की थी। आज उत्तर प्रदेश सरकार की प्रगतिशील नीतियों के कारण मत्स्य पालन को जो बढ़ावा मिला है उससे यहाँ फीड की मांग तेजी से बढ़ी है। इसी मांग को पूरा करने और किसानों की इनकम बढ़ाने के लिए हमने यह प्लांट स्थापित किया है।
600 टन प्रति दिन की उत्पादन क्षमता वाला यह प्लांट अमेरिका और यूरोप की विश्वस्तरीय नवीनतम तकनीक और मशीनों से लैस है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के मछली पालकों को उचित मूल्य पर ऐसा पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है जिससे उनकी उत्पादकता बढ़े और इनकम अधिक हो।
इस कार्यक्रम में आईबी ग्रुप की ओर से फिश फीड बिज़नेस हेड डॉ. मोहम्मद आसिफ कुरैशी सहित कंपनी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन न केवल ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करेगा, बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर रोज़गार और तकनीकी विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।
