पहल कार्यक्रम अंतर्गत आयोजित हुआ स्वास्थ्य शिविर
राजनांदगाँव। गर्भवती महिलाओं और किशोरी बालिकाओं के लिए एबिस सीएसआर, एबिस ग्रुप और सृजन सामाजिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में पहल कार्यक्रम अंतर्गत ग्राम सुरगी में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर के डाॅक्टरों ने अपनी सेवाएं दी।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में एबिस ग्रुप एवं सृजन सामाजिक संस्था द्वारा राजनांदगाँव एवं मोहला-मानपुर-चौकी जिले में पहल कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। कार्यक्रम अंतर्गत मुख्य रूप से गर्भवती महिला, धात्री माता, अति गंभीर व मध्यम गंभीर कुपोषित बच्चें सहित किशोरी बालिकाओं को हितग्राही के रूप में शामिल किया गया है। इसी तारतम्य में ग्राम सुरगी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर के डाॅक्टरों के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमें दो सौ से अधिक हितग्राहियों ने हिस्सा लिया।
एम्स के डाॅक्टरों द्वारा गर्भवती महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को पावर पाइंट प्रजेन्टेशन के माध्यम से उनसे जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी बातों को बहुत ही सरल तरीके से विस्तार से समझाया गया। ग्राम की नौ गर्भवती महिलाओं को शिविर में उनके होने वाले बच्चे के लिए ममता किट का वितरण भी किया गया। शिविर में गर्भवती और किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जाँच भी विशेषज्ञ डाॅक्टरों के द्वारा की गई।
उक्त शिविर में सरपंच सुग्रीव साहू, सचिव जावंतिन साहू, महिला बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक दुर्गा जादव, पहल कार्यक्रम से सुनीता यादव, साहिल देवांगन, पूर्णिमा साहू, ओमप्रकाश मारकण्डेय, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बसंती कन्नौजे, उत्तरा चतुर्वेदी, हुलसी साहू, वेदिका चतुर्वेदी, पुष्पा साहू एवं रितु बोरकर विशेष रूप से उपस्थित थे।
