दिल्ली। हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई पूरन कुमार ने मंगलवार को सुसाइड कर लिया। उन्होंने चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित अपनी कोठी में खुद को गोली मार ली। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने अपने PSO की पिस्टल से फायरिंग की है। घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद कहा वाई पूरन कुमार ने खुदकुशी की है। फिलहाल इससे ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता। सुसाइड के कारणों का पता किया जा रहा है।
वाई पूरन कुमार हरियाणा पुलिस में 2001 बैच के अफसर थे। 29 सितंबर को ही उनकी पोस्टिंग रोहतक के सुनारिया स्थित पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (PTC) में IG के तौर पर हुई थी। बताया जा रहा है कि वह 7 अक्टूबर तक छुट्टी पर थे। हालांकि हरियाणा पुलिस से उनकी छुट्टी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई।
वाई पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी. कुमार हरियाणा सरकार में ही सीनियर IAS अफसर हैं। अमनीत पी. कुमार हरियाणा CM नायब सैनी के साथ 5 अक्टूबर को जापान गए राज्य सरकार के डेलीगेशन में शामिल हैं। यह डेलीगेशन 8 अक्टूबर की शाम को भारत लौटेगा।
