जनपद सदस्य साहू ने किया खेल स्पर्धा का शुभारंभ
राजनांदगांव/करमतरा। शासकीय किसान उच्चतर माध्यमिक शाला करमतरा में आज से शाला स्तरीय खेलकूद स्पर्धा का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। जनपद सदस्य टूमन लाल साहू ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को संकेत देकर स्पर्धा की शुरुआत कराई। खेलों को लेकर बच्चों के साथ-साथ ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि “खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, सहयोग और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।” उन्होंने बच्चों को ब्लॉक, जिला एवं प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
संस्था के प्राचार्य राजेश शर्मा ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छात्र जीवन में खेल शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाता है।खेल स्पर्धा के तहत कबड्डी, रिले रेस, 100 एवं 200 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगामी दिनों में पुरस्कृत किया जाएगा।
संपूर्ण आयोजन में संस्था के व्याख्याताओं संगीता तिवारी, अर्चना साहू, कमलेश्वरी चंदेल, नीलम सिंह, दिव्या वर्मा, लोकेश्वरी देवांगन, रामप्रसाद देवांगन, नंदकुमार पटेल, राकेश साहू, सुरेश कुमार, मनीष शर्मा, योगेंद्र सिंग ठाकुर, तीर्थंकुमार सूर्यवाणी, राहुल रावटे तथा स्कूली बच्चों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
