नगर निगम ने किया है संवारने का काम
आंबेडकर चौक पर लगे स्तूप के चारों तरफ लिखा गया “भारत का संविधान”
राजनांदगाँव। “भारत का संविधान” को फिर से जीवंत करने वाला काबिलेतारीफ काम नगर निगम ने किया है। नगर निगम ने संविधान दिवस के दिन इस स्थल की सुध ली और अब यह पूरी तरह जगमग हो गया है।
वैसे तो अजर अमर है “भारत का संविधान” लेकिन शहर के आंबेडकर चौक में इसका प्रतिरूप बना हुआ है। यह स्थल संविधान दिवस के दिन फिर से रोशन हो गया। जगमग हो गया। महापौर मधुसूदन यादव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव और आयुर्वेद अतुल विश्वकर्मा इस काम के लिए बधाई के पात्र हैं।
शहर के आंबेडकर चौक के बीच में बडा़ सा स्तूप में “भारत का संविधान” को लेकर बीते दिनों दिशाचक्र ने चिंता जाहिर की थी। “भारत का संविधान” को यहां पर स्थापित करने की जिसने भी जिस भी सोच के साथ पहल की वह पहल थी तो शानदार पर कुछ ही समय बाद इस स्थल की दुर्दशा हो गई है थी। “दिशा चक्र” ने आंबेडकर चौक में इस स्थल का जायजा लेकर पाया था कि स्तूप धूल धक्कड़ से अटा पडा़ है और इस जगह की कभी सफाई हुई भी होगी ऐसा नहीं लगता। स्तूप के शिखर पर दोनों और लगाए गए भारतीय संविधान में लिखे गए शब्द उखड़ने लगे थे और किताब के पन्ने खाली होने लगे थे। किताब के नीचे दोनों ओर “भारत का संविधान” लिखा गया था। एक तरफ “भारत का संविधान” तो दिख रहा पर दूसरी तरफ “भारत का” गायब हो गया था और सिर्फ “संविधान” नजर आ रहा था।
दिशाचक्र की खबर के बाद इस स्थल की सुध ली गई। हमने यानि संविधान दिवस के दिन इस स्थल की ओर फिर से रूख किया तो पाया कि अब स्तूप के दोनों तरफ किताब के पन्ने साफ सुथरे नजर आने लगे हैं। साथ ही पहले दो तरफ भारत का संविधान लिखा हुआ था लेकिन अब यह चारों तरफ लिखा गया है।
आंबेडकर चौक शहर का मध्य नहीं है, एक छोर है लेकिन इस चौक से शहर आपस में जुड़ता है। एक रास्ता वीआईपी मार्ग की ओर जाता है तो दूसरा ममता नगर की ओर। यह चौक कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक आवास के इलाके यानि रामकृष्ण नगर और शहर को आपस में जोड़ता है तो कलेक्टोरेट भी इसके करीब है। कलेक्टर सहित जिले के सभी आला अफसर हर दिन इसी चौक से गुजरते हुए अपने दफ्तर जाते हैं। आम लोगों का भी नियमित आना जाना होता है। जनप्रतिनिधियों का भी यहाँ से गुजरना होता है।
“भारत का संविधान”।फिर से जीवंत हो गया है। पहले दो दिशाओं में संविधान को दर्शाते हुए किताब के पन्ने और दो ही दिशाओं में “भारत का संविधान” लिखा हुआ था लेकिन अब “भारत का संविधान” चारों दिशाओं में लिखा दिख रहा है। संविधान दिवस के दिन इस स्थल की सुधा लेने के लिए नगर निगम बधाई का पात्र है। इस काम के लिए महापौर मधुसूदन यादव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव और नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा सहित नगर निगम के अमले को बधाईयाँ। जय हो “भारत का संविधान”।
