कांग्रेस नेता निखिल ने कहा- भाजपा सरकार और रमन सिंह आस्था से कर रहे खिलवाड़
राजनांँदगाँव। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी ने भाजपा सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महावीर स्वामी के नाम से जुड़ी “महावीर स्वामी कॉलोनी” में शराब की दुकान खोलने का प्रस्ताव न केवल अहितकर है बल्कि जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ है।
द्विवेदी ने कहा कि भाजपा और रमन सिंह ‘संस्कार’ की बातें करते हैं, वही शहर को ‘शराबधानी’ बनाकर संस्कारों की तमाशबीन कर रहे हैं। महावीर स्वामी जी के नाम से जुड़ी कॉलोनी में शराब दुकान खोलना करोड़ों लोगों की आस्था पर सीधा प्रहार है। महावीर स्वामी जी अहिंसा, संयम और सदाचार के प्रतीक हैं और भाजपा सरकार उन्हीं के नाम की पवित्र भूमि पर शराब दुकान खोलकर ‘अहिंसा को नशे में डुबोने’ का काम कर रही है।”
निखिल द्विवेदी ने कहा कि यह निर्णय न केवल समाज की धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है, बल्कि भाजपा की दोहरी नीति को भी उजागर करता है। एक तरफ़ ये लोग धर्म और संस्कार की बातें करते हैं, और दूसरी ओर वही लोग संस्कारधनी शहर को शराबधानी बनाने पर तुले हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस प्रस्ताव को तुरंत निरस्त नहीं किया, तो कालोनी वासियो और शहरवासी मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे हम महावीर स्वामी जी के नाम की पवित्र भूमि पर किसी भी प्रकार की शराब दुकान का संचालन कभी स्वीकार नहीं करेंगे। यह आस्था का नहीं, बल्कि अस्तित्व का प्रश्न है
निखिल द्विवेदी ने यह भी कहा कि रमन सिंह अपने करीबी नेताओं और ठेकेदारों को लाभ पहुँचाने के लिए जगह-जगह शराब दुकानें खुलवा रहे हैं, जिसके चलते राजनांदगांव का माहौल खराब हो रहा है, अपराध बढ़ रहे हैं और युवा वर्ग नशे की ओर धकेला जा रहा है भाजपा शासन में रोजगार की जगह शराब दुकान खुल रहे हैं, और रमन सिंह ‘विकास’ की आड़ में राजनांदगांव में शराब नामक विष’ परोस रहे हैं।
