आरोपी निकली रिश्ते की नाबालिग बहन
छुईखदान क्षेत्र के झूरानदी का मामला
राजनांदगाँव/खैरागढ़। खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले के थाना छुईखदान क्षेत्र के गांव झूरानदी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। इस गांव में एक बच्ची ने चोट्टी (चोरनी) कहकर पुकारने पर अपने करीबी रिश्ते की नाबालिग भाई और बहन की कुएँ में फेंककर हत्या कर दी। पुलिस ने कुछ ही घंटे में पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम झूरानदी में 2 साल की राधिका उर्फ वैशाली वर्मा और उसके 4 साल के भाई करण वर्मा की कुएँ से लाश बरामद की गई। दोनों बच्चों के पिता गजानंद वर्मा उम्र 30 साल ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसके गांव की चंचल वर्मा खेत में आकर बताई कि तुम्हारे दोनो बच्चे नहीं मिल रहे हैं। तब गजानंद खबर सुनकर तुरंत अपनी पत्नी एवं खेत में उपस्थित गांव के अन्य लोगो के साथ घर वापस आया और घर के आस पास अडो़स पडो़स के लोगो से बच्चो के बारे मे पूछताछ कर जानकारी लिया।
सभी मिलकर बच्चों की खोज कर रहे थे तभी गांव के कमलेष्वर वर्मा और समलीया वर्मा ने बताया कि गांव के ओमकार वर्मा के बाडी़ के कुआं के अंदर एक बच्चा दिखाई दे रहा है। मौके पर जाकर देखने पर तो राधिका उर्फ वैषाली का शव कुए के अंदर पानी मे तैरता हुआ दिखाई दिया। तब उपस्थित गांव वालो के सहयोग से राधिका को बाहर निकाले तब देखा तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी। कुएं में पानी ज्यादा होने एवं करण वर्मा का भी कुएं में होने की आशंका पर गांव से मोटर पम्प मंगा कर पानी बाहर निकाले तो करण का भी शव मिला। पुलिस ने गजानंद की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध क्रमांक 422/2025 धारा 103(1) बीएनएस का अपराध पंजीबध्द किया।
इसके बाद तत्काल पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन पर गांव वालों से पूछताछ कर संदेही विधि से संघर्षरत बालिका को कब्जे में लिया गया। पूछताछ करने पर उसने बताया कि मेरे रिश्ते का भाई चोर-चोर बोल रहा था जिससे उसने गुस्से में आकर के दोनों भाई बहन को बाड़ी के कुएं में धकेलकर हत्या कर दी। पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही कर बालिका को रिमांड में भेजा गया। उपरोक्त कार्यवाही में केसीजी पुलिस टीम की तत्परता से संवेदनशील जघन्य हत्याकांड का 12 घंटे के अंदर खुलासा किया गया।
