ओस्तवाल ने कहा- सिटी बस में कौन-सा पोटाश और चूना डलवाएंगे?
राजनांदगांव। पूर्व पार्षद हेमंत ओस्तवाल ने निगम आयुक्त और महापौर मधुसूदन यादव से पूछा है कि शहर की जनता के लाभ के लिए साल 2014 में लाई गईं सिटी बसें अब कहाँ हैं?
ओस्तवाल ने कहा कि शहर की जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 2014 में मुख्यमंत्री रहते हुए डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से नगर निगम राजनांदगांव को लगभग 20 सिटी बसें संचालन हेतु मिली थी। उस समय महापौर मधुसूदन यादव स्वयं पद में विराजमान थे। सिटी बस के संचालन और रिपेयरिंग हेतु करोड़ो रूपये की लागत से रेवाडीह वार्ड में बस डिपो बनवाया गया था।
पूर्व पार्षद ओस्तवाल ने कहा कि जनता को बस की सुविधाएं चंद दिनो ही मिली और अब ये बसें कहाँ है, इसकी जानकारी ही नहीं है। उन्होंने कहा कि सिटी बसों का संचालन करने वाले फर्मों पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। हेमंत ने कहा कि अब महापौर को बताना चाहिए कि वे सिटी बसों में कौन सा पोटाश और चूना डलवाएंगे।
