हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में महापौर के नेतृत्व में कलेक्टर से मिला प्रतिनिधिमंडल
राजनांदगांव। नए वर्ष के जनवरी माह मे एक वर्ष के अंतराल के बाद पुनः “महंत राजा सर्वेश्वर दास अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता” के आयोजन पर चर्चा हुई है। इस प्रतिष्ठित आयोजन की तैयारियों को लेकर महापौर मधुसूदन यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर जीतेन्द्र यादव से शिष्टाचार भेंट की और प्रतियोगिता से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी, जिला हॉकी संघ के सचिव शिवनारायण धकेता, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी कुतबुद्दीन सोलंकी, रमेश डाकलिया, प्रकाश सांखला, नीलम चंद जैन, भूषण साव, छोटेलाल रामटेके, तीरथ गोस्वामी, प्रिंस भाटिया, रणविजय प्रताप सिंह, गणेश प्रसाद शर्मा, कुमार स्वामी, अरुण शुक्ला, अजय झा, प्रकाश शर्मा, अंतर राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, अनीश रज़ा, महेंद्र सिंह ठाकुर, गुणवंत पटेल, शकील अहमद आदि शामिल थे। प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को बताया कि यह प्रतियोगिता न केवल प्रदेश बल्कि देशभर के साथ साथ विदेश में भी अपनी प्रतिष्ठा के लिए जानी जाती है, जहाँ देश की नामी टीमें हिस्सा लेती हैं।
इस अवसर पर बताया गया कि इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में ओलिंपिक पदक विजेता अंतराष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित देश के विभिन्न राज्यों के उत्कृष्ट खिलाड़ी भाग लेते हैं। यह आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपने कौशल के प्रदर्शन का सुनहरा अवसर प्रदान करता है तथा राजनांदगांव की गौरवशाली हॉकी परंपरा को नई ऊँचाइयाँ देता है।
कलेक्टर जीतेन्द्र यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आवश्यक सहयोग और समर्थन का आश्वासन दिया तथा कहा कि प्रशासन इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में हर संभव सहायता करेगा।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा, ” ऐसे प्रतिष्ठित हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन हमारे शहर के लिए गौरव की बात है। इस प्रतियोगिता को देखने के लिए शहर की जनता आतुर रहती है। यह आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देता है बल्कि राजनांदगांव को राष्ट्रीय हॉकी मानचित्र पर उजागर भी करता है ।”
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फ़िरोज़ अंसारी ने बताया की राजनांदगांव की जनता इस बहुप्रतीक्षित आयोजन को लेकर उत्साहित है। जल्द ही आयोजन की तिथि, भाग लेने वाली टीमों और कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा की घोषणा की जाएगी।
