मध्यप्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बयान हुआ वायरल
हल्ला मचने के बाद मांगी माफी
राजनांदगाँव। मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय का एक बयान इस समय इंदौर सहित पूरे देश में चर्चा का विषय है। इंदौर में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत के मामले में एक पत्रकार के पूछे गए सवाल के जवाब में विजयवर्गीय ने अपशब्दों का प्रयोग किया है। बयान के वायरल होने के बाद कल देर रात विजयवर्गीय ने एक्स पर पोस्ट कर माफी मांगी है।
उल्लेखनीय है कि देश के सबसे स्वस्छ शहरों में शुमार मध्यप्रदेश के इंदौर में दूषित पानी पीने से करीब दर्जन भर लोगों की मौतें हो गईं हैं। इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी की सप्लाई होने के बादा पाइपलाइन लीकेज के कारण सीवर का पानी पीने के पानी में मिल जाने के चलते इलाके में उल्टी-दस्त की महामारी फैल गई और करीब दर्जन भर लोगों की मौत हो गई और अनेक लोग प्रभावित हैं। घटना को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लेते हुए जांच कमेटी गठित कर दी है और तीन अधिकारियों को निलंबित कर एक को बर्खास्त कर दिया है।
साल 2025 के आखिरी दिन मुख्यमंत्री की एक बैठक में शामिल होकर बाहर निकले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से एक पत्रकार ने घटना को लेकर सवाल पूछा तो विजयवर्गीय भड़क गए और अपशब्दों का इस्तेमाल किया। विजयवर्गीय के वहां से चले जाने के बाद एक पार्षद ने भी पत्रकार से बहस की।
मंत्री विजयवर्गीय की पत्रकार से बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद देर रात उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपने बयान के लिए माफी मांगी। विजयवर्गीय ने लिखा कि मैं और मेरी टीम पिछले दो दिनों से बिना सोए प्रभावित क्षेत्र में लगातार स्थिति सुधारने में जुटी हुई है। दूषित पानी से मेरे लोग पीड़ित हैं और कुछ हमें छोड़कर चले गए, इस गहरे दु:ख की अवस्था में मीडिया के एक प्रश्न पर मेरे शब्द गलत निकल गए। इसके लिए मैं खेद प्रकट करता हूँ। लेकिन जब तक मेरे लोग पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ नहीं हो जाते, मैं शांत नहीं बैठूँगा।
