छत्तीसगढ़ के आईपीएस शुक्ला को मिली केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति
रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2013 बैच के आईपीएस जितेंद्र शुक्ला जल्द ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे। तेज तर्रार जितेंद्र शुक्ला को NSG में ग्रुप कमांडर पद पर पदस्थापना दी गई है। ग्रुप कमांडर पद एसपी के समतुल्य होता है। केंद्र सरकार से उक्ताशय का पत्र आज ही राज्य सरकार को भेजा गया है।
आईपीएस जितेंद्र शुक्ला इलाहाबाद (अब प्रयागराज) के निवासी हैं। जितेंद्र शुक्ला को रीढ़ की हड्डी वाला अफसर माना जाता है। जितेंद्र को लेकर यह प्रचलित है कि यह अधिकारी अड़ियल नहीं है मगर गैर वाजिब मसले पर झुकता या दबता भी नहीं है। भूपेश बघेल कार्यकाल में कवासी लखमा से फिर राजनांदगाँव में तब राज्य की सर्वाधिक शक्तिशाली महिला अधिकारी सौम्या चौरसिया से टकराहट के क़िस्सों के बाद साय सरकार के समय दुर्ग एसपी रहते हुए उत्पात मचा रहे लोगों पर सख्त कार्यवाही से मौजूदा सरकार के नाराज होने की खबरें भी आईं। आईपीएस जितेंद्र शुक्ला शायद छत्तीसगढ़ में सबसे लंबे समय तक बटालियन कमांडेंट रहने वाले आईपीएस हैं।
छत्तीसगढ़ के राजनांदगाँव, दुर्ग सहित कुछ अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षक रहे जितेन्द्र शुक्ला वर्तमान में भी बटालियन कमांडेंट हैं। अब वे जल्द ही केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर एनएसजी में जाएंगे।
