सिजेरियन प्रसव की राह हुई आसान
राजनांदगांव। जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में अस्पताल के भू-तल पर स्थित पुराने मेजर ऑपरेशन थियेटर (OT) का कायाकल्प कर उसे विशेष रूप से प्रसूता महिलाओं के लिए क्रियाशील कर दिया गया है।
इस नवीन ओटी के प्रारंभ होने से अब गर्भवती एवं उच्च जोखिम वाली प्रसूताओं को आपातकालीन स्थिति में दूसरे अस्पतालों या मेडिकल कॉलेज रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सिजेरियन प्रसव और अन्य जटिल प्रसूति सेवाएं अब जिला चिकित्सालय के भीतर ही उपलब्ध होंगी, जिससे बहुमूल्य समय की बचत होगी और उपचार में देरी नहीं होगी।
सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्रसव सुविधाओं से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलेगी। वहीं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को अब जिला स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। पुराने ओटी का जीर्णोद्धार कर इसे आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नेतराम नवरतन ने हाल ही में नवीन ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण किया। उन्होंने उपकरणों की उपलब्धता और संचालन व्यवस्था का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेन्द्र प्रसाद, अस्पताल प्रबंधक अविन चौधरी, प्रसूति एवं निश्चेतना विभाग के विशेषज्ञ और ओटी प्रभारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।
