राजनांदगाँव। शहर के शीतला माता क्षेत्र के पार्षद और नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग के चेयरमैन शैंकी बग्गा ने मोर पार्षद मोर द्वार अभियान के तहत घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
पार्षद बग्गा ने क्षेत्रवासियों को स्वच्छता बनाए रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने, जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। साथ ही, केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए पात्र लोगों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और भवन निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों के बच्चों के लिए छत्तीसगढ़ श्रमिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति दिलाने हेतु फॉर्म भरवाए। श्रमिकों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
शैंकी ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और आमजन को पीएम आवास योजना, मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, पीएम जीवन ज्योति बीमा और पीएम सुरक्षा बीमा जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी और फीडबैक लेकर अधिक से अधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन निरंतर मिलती रहे इसके लिए उन्होंने Beneficiary Satyapan App के माध्यम से वार्डवासियों का घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन भी कराया। इस मौके पर 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड और अन्य पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाकर दिए गए।
पार्षद बग्गा ने कहा कि जनसेवा ही उनका धर्म है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु वे संकल्पित हैं और निरंतर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
