कवर्धा के चिल्फी क्षेत्र की घटना
राजनांदगाँव/कवर्धा। कवर्धा जिले के चिल्फी क्षेत्र में बोलेरो और ट्रक की भिड़ंत में 5 लोगों की मौत की खबर है। इस घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई है। यह घटना चिल्फी थाना क्षेत्र में रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे के अकलघरिया गांव के पास हुई है।
जानकारी के अनुसार बोलेरो कोलकाता से मध्यप्रदेश की ओर जा रही थी तभी सामने से आ रहे ट्रक से इसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि 5 लोग घायल हो गए।
घायलों को तुरंत डायल 112 की मदद से बोड़ला सामुदायिक केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।
