संवेदनशील इलाकों में अभियान कर गुंडे बदमाशों पर की कार्रवाई
राजनांदगांव। पुलिस द्वारा अपराधियों पर नियंत्रण हेतु व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन पर जिले में अपराधियों पर नियंत्रण, असामाजिक तत्वों की निगरानी तथा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया।
इस अभियान में एएसपी राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में सीएसपी पुष्पेंद नायक, डीएसपी एंब्रोस कुजूर सहित पांच थाना प्रभारी और लगभग 60 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। गश्त का उद्देश्य विजिबल पुलिसिंग के माध्यम से अपराधों की रोकथाम और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना था।
कांबिंग गश्त देर रात 12 बजे से 3 बजे तक चलाया गया और सोते से उठाकर 40 संदिग्ध बदमाश प्रवृत्ति के लोगों की जांच की गई। इस दौरान 7 संदिग्ध व्यक्तियों को राउंडअप किया गया और 5 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। साथ ही 2 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस दौरान धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 1 वाहन चालक के विरुद्ध कार्यवाही की।
पुलिस ने कांबिंग गश्त के दौरान लखोली, अटल आवास, बैगापारा, स्टेशनपारा, 16 खोली, नंदई चौक सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में चाकूबाज, गुंडा-बदमाश, निगरानी बदमाश, शराब तस्कर एवं बार-बार अपराध करने वाले व्यक्तियों की सघन जांच की। सभी संदिग्धों को शांति बनाए रखने एवं किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
अभियान में उपरोक्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ थाना कोतवाली निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, थाना बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू, पुलिस चौकी चिखली उनि. कैलाश चंद मरई, साइबर प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, निरीक्षक आशीर्वाद रहटगांवकर, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर सहित 60 से अधिक थाना स्टाफ एवं रक्षित केंद्र से अतिरिक्त बल इस कांबिंग गश्त में सम्मिलित रहे। आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प की भावना के साथ राजनांदगांव पुलिस द्वारा इस प्रकार की कांबिंग गश्त निरंतर जारी रहेगी, ताकि जिले में शांति, कानून व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
