नववर्ष पर शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने विशेष पहल
राजनानंदगाँव। नववर्ष के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा पुलिस-जन सहभागिता के माध्यम से “शून्य घटना-शून्य दुर्घटना” थीम पर विशेष पहल की जा रही है।
नववर्ष के दौरान पर्यटकों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए, जिले के सभी कार रेंटल प्रतिष्ठानों तथा होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित जारी क्या करें एवं क्या न करें (Do’s & Don’ts) निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें।
कार रेंटल प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया गया है कि किराये पर वाहन देने से पूर्व ग्राहकों की वैध पहचान एवं ड्राइविंग लाइसेंस का सत्यापन करें। वाहनों के वैध दस्तावेज (RC, बीमा, PUC) सुनिश्चित रखें तथा प्रतिदिन किराये पर दी गई वाहनों की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस/112 को देना अनिवार्य होगा।
इसी प्रकार होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को अपने परिसरों में कार्यशील CCTV कैमरे, सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपकरण, प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध रखने तथा अवैध गतिविधियों, नशे, हुड़दंग, तेज आवाज, DJ/लाउड म्यूजिक आदि पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नाबालिगों को शराब अथवा किसी भी नशीले पदार्थ की आपूर्ति पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
जिला पुलिस राजनांदगांव यह स्पष्ट करती है कि नववर्ष के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने, निर्देशों की अवहेलना करने अथवा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
जिला पुलिस ने सभी नागरिकों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे पुलिस के साथ सहयोग करते हुए नववर्ष को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं दुर्घटनामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। आपात स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 94791 92199 और नववर्ष हेल्पलाइन नंबर 94792 46435 में संपर्क करने कहा गया है।
