पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा- यह राज्य की जनता का अपमान
प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी के पुत्र अमित ने भी कहा- सरकार की लापरवाही
रायपुर। एक तरफ राज्य भर में छत्तीसगढ़ की स्थापना की रजत जयंती मनाई जा रही है, दूसरी तरफ राज्य की राजधानी में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को अज्ञात लोगों द्वारा तोड़ दी गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को तोडे़ जाने को पूरे राज्य की जनता का अपमान कहा है।
राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को तोडे़ जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि इस घटना से हर एक छत्तीसगढ़िया बेहद ग़ुस्से में है और यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। बघेल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर घटना की निंदा करते हुए कहा कि कहीं यह शासन-प्रशासन के कार्यक्रमों से छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीरों को हटाने वाली भाजपा सरकार की करतूत तो नहीं? उन्होंने कहा कि भाजपा समझ ले कि अगर जनआक्रोश को अनदेखा किया, तो अच्छा नहीं होगा। छत्तीसगढ़ महतारी की जय!
राजधानी में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को तोडे़ जाने पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी का कहना है कि राज्य सरकार की लापरवाही से छत्तीसगढ़ की अस्मिता पर लगातार चोट हो रही है। जोगी ने कहा कि यह घटना केवल एक पत्थर की मूर्ति को नुकसान नहीं है, यह छत्तीसगढ़ की संस्कृति, नारी के सम्मान और हमारी सामूहिक आस्था पर एक घिनौना हमला है। अमित ने मई 2025 को गौरेला में राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी की प्रतिमा को उखाडे़ जाने का जिक्र करते हुए राजधानी की घटना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की गरिमापूर्ण पुनर्स्थापना सुनिश्चित होनी चाहिए और अजीत जोगी की प्रतिमा के साथ हुए अपमान की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
