नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो : राजनांदगांव में ली गई शपथ
जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह में महापौर ने दिलाई नशा मुक्त भारत की शपथ
राजनांदगांव। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत डॉ.बल्देव प्रसाद मिश्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के आडिटोरियम में जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह उत्साह और जागरूकता के विशेष वातावरण में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, समाजसेवियों और शिक्षकों की बड़ी उपस्थिति रही।
समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं राजकीय गीत के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम में सामाजिक जागरूकता और नशा उन्मूलन का संदेश केंद्र में रहा।
नशा मुक्त भारत अभियान के राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे प्रयासों को मजबूती प्रदान करने हेतु उपस्थित सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को बड़ी रुचि से सुना और उसमें निहित संदेशों को आत्मसात किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक वैशाली मरडवार ने कहा कि “छत्तीसगढ़ धान उत्पादन में देश में नंबर वन है, लेकिन नशे की खपत में भी आगे बढ़ना बेहद चिंताजनक है।” उन्होंने देश और प्रदेश दोनों स्तरों पर नशे से हो रही मौतों के आंकड़ों को बताते हुए युवाओं को जागरूक रहने की सलाह दी और नशा मुक्त जीवन जीने की प्रेरणा दी।
मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने सभी उपस्थितों को नशा त्यागने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “परिवर्तन की शुरुआत हमेशा खुद से होती है। जब तक हम स्वयं बदलेंगे नहीं, तब तक समाज में बदलाव संभव नहीं है। अपने व्यक्तित्व का निर्माण करें, क्योंकि अच्छा व्यक्ति ही अच्छे परिवार, समाज और देश का निर्माण कर सकता है।” महापौर ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान को विस्तार से बताते हुए युवाओं को भविष्य के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया।
दिग्विजय कॉलेज और आस्था मूक-बधिर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा नशा उन्मूलन विषय पर नाटक, नृत्य और नशे के दुष्परिणामों को दर्शाती महत्वपूर्ण प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन कार्यक्रमों ने सभी दर्शकों को प्रभावित किया, जिसमें स्पष्ट संदेश था कि “नशा करने का अंत केवल मौत है, इसलिए जीवन को नशे से दूर रखें।”
समारोह में हेमंत शेखर यादव पार्षद, राजेश यादव पार्षद प्रतिनिधि, शिशुपाल खोब्रागढे निदेशक समता जन कल्याण, दिलीप श्रीवास्तव प्रशासक अभिलाषा, भूपेश कुमार साहू प्राचार्य सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में अपने विचार व्यक्त किए।
बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों ने कार्यक्रम को सफल और सार्थक बनाया। समारोह ने यह सुनिश्चित किया कि नशा मुक्त भारत का संदेश समाज के हर स्तर तक पहुंचे और युवाओं में जागरूकता बढ़े।
