मुख्य अतिथि होंगे डॉ. रमन सिंह
राजनांदगांव। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) एवं स्वदेशी जागरण मंच द्वारा संचालित स्वदेशी संकल्प यात्रा के प्रदेश आगमन को लेकर प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
यात्रा का छत्तीसगढ़ में प्रवेश गुरुवार, 27 नवम्बर को होगा, और यह प्रदेश में 21 दिसंबर 2025 तक भ्रमण करते हुए 2500 किलोमीटर की ऐतिहासिक यात्रा पूरी करेगी।
यात्रा का शुभारंभ गुरुवार, 27 नवम्बर सुबह 11:30 बजे गुरुद्वारा चौक, राजनांदगांव से भव्य समारोह के साथ किया जाएगा। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हो यात्रा को झंडी दिखा रवाना करेंगे। साथ ही विशिष्ट अतिथि नीलू शर्मा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, योगेश दत्त मिश्रा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल, किरण वैष्णव अध्यक्ष जिला पंचायत, मधुसूदन यादव, महापौर, अमर परवानी नेशनल वॉइस चेयरमैन CAIT, जगदीश पटेल प्रांत संयोजक स्वदेशी जागरण मंच, परमानंद जैन प्रदेश अध्यक्ष CAIT, कोमल सिंह राजपूत समाजसेवी होंगे। यात्रा में व्यापारी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं और मातृशक्ति की व्यापक सहभागिता भी रहेगी।
स्वदेशी यात्रा शहर में गुरुद्वारा चौक, महाकाल चौक, सिनेमा लाइन, आजाद चौक, हलवाई लाइन, भारत माता चौक, गंज लाइन होते हुए राम रसोई परिसर बालाजी मंदिर, पुराना गंज चौक में समाप्त होगी।
कैट जिला कार्यालय का शुभारंभ भी होगा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि स्वदेशी संकल्प यात्रा के शुभारंभ दिवस पर CAIT के जिला कार्यालय का शुभारंभ नंदई चौक में डॉ.रमन सिंह द्वारा किया जाएगा। यह कार्यालय व्यापारिक गतिविधियों, जनसंपर्क और व्यापारी कल्याण के लिए महत्वपूर्ण केंद्र होगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि यह यात्रा, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, स्थानीय व्यापार एवं उद्योग को मजबूती देने, युवाओं में उद्यमिता जगाने, छोटे एवं मध्यम व्यापार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा वोकल फॉर लोकल को व्यापक जनआंदोलन की शक्ति देने का राष्ट्रीय अभियान है।
राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन, CAIT एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर परवानी ने कहा कि डॉ. रमन सिंह की उपस्थिति यात्रा को ऐतिहासिक बनाएगी। यह अभियान व्यापारियों और उद्यमियों को स्वदेशी-आधारित व्यापार मॉडल की ओर प्रेरित करेगा। स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक जगदीश पटेल ने कहा कि यह यात्रा आर्थिक राष्ट्रवाद की धारा है। हर जिले में संवाद, प्रदर्शनी और प्रेरक कार्यक्रम होंगे।
छत्तीसगढ़ के जिलों में होगा जनजागरण कार्यक्रम
27 नवंबर से 21 दिसंबर तक यात्रा प्रदेश के प्रमुख शहरों राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, महासमुंद, बिलासपुर, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, बालोद, रायपुर, दुर्ग सहित अनेक जिलों में जाएगी। यात्रा के दौरान व्यापारी सम्मेलन, उद्योग प्रतिनिधियों से बैठकें, युवाओं के प्रेरक सत्र, स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी, रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संगठनों से जुड़ने का आह्वान
CAIT और स्वदेशी जागरण मंच ने व्यापारिक, सामाजिक और युवा संगठनों से आग्रह किया कि स्वदेशी संकल्प यात्रा में सक्रिय भागीदारी कर स्थानीय अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर भारत के राष्ट्रीय अभियान को मजबूती दें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनिल बरडिया, प्रदेश संरक्षक एवं कार्यक्रम संयोजक, विष्णु साव, सह संयोजक, राजू डागा, जिला अध्यक्ष, CAIT, राजकुमार शर्मा, स्वदेशी जागरण मंच, अशोक पांडे, मीडिया प्रभारी, सूरज बुद्धदेव, मीडिया प्रभारी, लक्ष्मण लोहिया उपस्थित रहे।
