राजनांदगांव। जिला साहू संघ राजनांदगांव एवं समस्त प्रकोष्ठों के संयुक्त तत्वावधान में साहू सदन बसंतपुर में 7 दिसंबर को भव्य युवक–युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। समाज के जानकारों का कहना है कि यह सम्मेलन युवा वर्ग के लिए जीवनसाथी चुनने का सबसे उत्कृष्ट और पारदर्शी माध्यम बनकर उभरा है।
सूत्रों के अनुसार जिलेभर से युवक–युवतियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। मंच पर परिचय प्रस्तुति के माध्यम से युवक–युवतियाँ न केवल स्वयं को प्रस्तुत करेंगे, बल्कि अपनी पसंद, व्यक्तित्व और भविष्य की सोच भी समाज के समक्ष रख सकेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर सभी प्रकोष्ठों द्वारा जोर-शोर से तैयारियाँ की जा रही हैं। समाज के वरिष्ठजन, महिला प्रकोष्ठ, युवा विंग एवं पदाधिकारी कार्यक्रम व्यवस्था में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। यह सम्मेलन समाज में वैवाहिक प्रक्रिया को सरल, सम्मानजनक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिलेभर से बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति की उम्मीद है।