राजनांदगाँव। शहर के एक सराफा कारोबारी के ठिकानों पर आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा और भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो की संयुक्त टीम के छापेमारी की खबर है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार, आर्थिक अनियमितताओं और संभावित काले धन के मामलों की जांच के तहत की गई है।
जानकारी के मुताबिक राजनांदगाँव के एक प्रसिद्ध सर्राफा व्यापारी के नंदई चौक स्थित निजी निवास और गुडाखु लाइन पर स्थित दुकान पर छापेमारी की गई। चार वाहनों में सवार अफसरों की टीम सुबह-सुबह राजनांदगांव पहुंची और तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया। जांच दल ने दोनों ठिकानों पर व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें महत्वपूर्ण दस्तावेजों, लेखा-जोखा रजिस्टरों और अन्य कागजातों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
अधिकारियों ने नकदी, सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य मूल्यवान सामग्रियों का ब्योरा लिया। साथ ही संदिग्ध लेन-देन की जानकारी इकट्ठा की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह छापेमारी दीपावली के बाजार में संभावित अनियमितताओं और कर चोरी के आरोपों पर आधारित है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक गिरफ्तारी या जब्ती की पुष्टि नहीं है।
