राजनांदगांव। नगर की अग्रणी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था सृजन के बैनर तले आर्ट व वेलनेस एकेडमी डेव्हलपमेंट स्टूडियो की शुरूआत स्थानीय ममता नगर गली नंबर 05 आनंद विहार कॉलोनी में की गई, जिसके शुभारंभ के अवसर पर संगीत कला एकेडमी अवार्ड से सम्मानित वरिष्ठ लोककलाकार श्रीमती पूनम विराट और प्रेस क्लब राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि विशेष रूप से उपस्थित थे।

विदित है कि विगत 25 वर्षों से सृजन सामाजिक संस्था द्वारा रंगकर्म को लेकर सृजन रंगयात्रा के माध्यम से सक्रिय रूप से राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुति दी जा रही है। कला के क्षेत्र में अभिनव पहल करते हुए डेव्हलपमेंट स्टूडियो की शुरूआत की गई, जिसमें कत्थक, भरतनाट्यम, वेस्टर्न, लोकनृत्य, गायन, आर्गन, ऑक्टोपेड, गिटार सहित विभिन्न वाद्य यंत्रों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ इस एकेडमी में कराटे, फोटोग्राफी, योग, जुम्बा, ड्रॉईंग, हैण्डराईटिंग, स्पोकन इंग्लिश आदि का भी प्रशिक्षण एक ही छत के नीचे दिया जा रहा हैं।
संस्था के डायरेक्टर शरद श्रीवास्तव ने बताया कि नगर में यह पहली एकेडमी होगी जहां हुनर के साथ व्यक्तित्व विकास का भी कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष सचिन अग्रहरि ने कहा कि यह एकेडमी नगर के नवोदित कलाकार और कला प्रेमियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। संगीत कला एकेडमी अवार्ड से सम्मानित श्रीमती पूनम विराट ने इस अवसर पर अपने गीतों से न सिर्फ कार्यक्रम में शमा बांधा बल्कि यह भी कहा कि नए सीखने वाले कलाकारों के लिए इससे अच्छा प्लेटफार्म हो ही नहीं सकता।
शुभारंभ के अवसर पर स्वाति मानकर, सुप्रिया खोब्रागढ़े, आशीष श्रीवास्तव, जतिन राहुल, सुभाष रामटेके, सपना शर्मा, योगेश ठावरे, प्रशांत कुशवाहा, रागिनी स्वर्णकार, रोशन रामटेके, अतुल व्यास, सुदेश यादव, रोशन शेण्डे, संदीप देशमुख, सोनू मेश्राम, अनामिका बरडिया, बॉबी, राजेश भोईर, आमोद श्रीवास्तव, ललित मानकर, नीरज बाजपेयी, राकेश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित थे। नगर के सभी कलाकारों ने एकेडमी से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए निरंतर सहयोग करने की बात की। उक्त जानकारी रंगकर्मी विपिन ठाकुर ने दी।
