राजनांदगाँव के इतिहास में पहली महिला पुलिस अधीक्षक हैं अंकिता
राजनांदगाँव। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने यहाँ सोमवार को पदभार संभाल लिया है। पदभार संभालने के बाद शर्मा को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सलामी दी गई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अफसरों की बैठक लेकर क्षेत्र के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद वे मीडिया से रूबरू हुईं। उन्होंने कोतवाली थाने का भी निरीक्षण किया।
सक्ती जिले और इससे पूर्व खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले की पुलिस अधीक्षक रहीं अंकिता शर्मा ने राजनांदगाँव जिले की पहली महिला पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार संभाला है। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद और अविभाजित मध्यप्रदेश में भी राजनांदगाँव में इससे पूर्व कोई महिला एसपी नहीं रही हैं। इस लिहाज से राजनांदगाँव जिले के इतिहास में अंकिता शर्मा पहली महिला एसपी हैं।
पुलिस अधीक्षक का पदभार संभालने के बाद एसपी अंकिता शर्मा ने जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना व चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर क्षेत्र के संबंध में बेसिक जानकारी, आपराधिक रिकार्ड और महत्वपूर्ण अपराध की संक्षिप्त जानकारी लेकर जुआ, सट्टा, अवैध शराब, गांजा, चाकूबाजी, गुंडा बदमाश व आसमाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना व चौकी में आने वाले आवेदक गणों से अच्छा व्यवहार करने सभी पुलिसजनों से कहा।
अफसरों की बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि सभी के साथ मिलकर राजनांदगाँव में बेसिक पुलिसिंग, विजुअल पुलिसिंग और फिल्ड पुलिसिंग के माध्यम से अपराध नियंत्रण करने, सुगम यातायात व्यवस्था करने का काम किया जाएगा। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए एसपी शर्मा ने कहा कि राजनांदगाँव में बेहतर काम होगा।
2018 बैच की आईपीएस अंकिता शर्मा छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की निवासी और कारोबारी पिता व गृहणी माँ की बेटी हैं। अपनी प्रारंभिक पढा़ई सरकारी स्कूल में करने और स्नातक की पढा़ई के बाद स्नातकोत्तर में एमबीए करने के बाद अंकिता शर्मा ने सिविल सर्विसेस की तैयारी शुरू की और कुछ समय वे दिल्ली में रहीं। फिर दिल्ली छोड़ वापस छत्तीसगढ़ लौट यहीं से तैयारी की। सिविल सर्विस की परीक्षा में प्रथम प्रयास में प्रिलिम्स पास करने के बाद मेन्स में चूक गईं अंकिता दूसरी बार प्रिलिम्स भी पास नहीं कर पाईं। दो बार की असफलता को पीछे छोड़कर अंकिता तीसरे प्रयास में सफल हुईं और आईपीएस बनीं। अंकिता बलौदाबाजार भाटापारा में प्रशिक्षु आईपीएस का काम करने के बाद रायपुर में सीएसपी रहीं और फिर जगदलपुर में एडिशनल एसपी नक्सल आपरेशन का काम संभाला। इस दौरान उन्होंने नक्सलियों के खिलाफ कई अभियान चलाया। नए बने खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले की ओएसडी और फिर पुलिस अधीक्षक बनने के बाद सक्ती की पुलिस अधीक्षक रहीं।
सेना में अफसर विवेकानन्द शुक्ला की पत्नी अंकिता को राजनांदगाँव में बीते कुछ समय से लचर हो चुकी पुलिसिंग को सुधारने का बडा़ काम करना होगा।
