नवपदस्थ कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा- सबके साथ मिलकर करेंगे काम
राजनांदगांव। जिले के नव पदस्थ कलेक्टर जितेन्दर यादव ने पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को बताया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का धरातल पर बेहतर क्रियान्वयन करने के लिए सबके साथ मिलकर काम किया जाएगा।
नव पदस्थ कलेक्टर जितेन्दर यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग में शामिल होने की वजह से वह आधा घंटा लेट सभागृह में पहुंचे। उन्होंने अपनी सहज, सरलता का परिचय देते हुए देर से आने के लिए पत्रकारों से क्षमा मांगा। उन्होंने अपना परिचय देते हुए बताया कि वह वर्ष 2019 बैच के आईएएस ऑफिसर हैं और रायगढ़ में जिला पंचायत सीईओ के बाद राजनांदगांव कलेक्टर के रूप में उनकी पहली पोस्टिंग है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में विभागवार कार्यों की समीक्षा करेंगे और शासन की योजनाओं का धरातल पर बेहतर क्रियान्वयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र को लेकर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र के लिए अच्छी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। 11वीं 12वीं के बच्चों को मेडिकल और इंजीनियरिंग की कोचिंग की बेहतर व्यवस्था की जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी कोचिंग का लाभ ले सके।
मीडिया की अहम भूमिका
कलेक्टर यादव ने कहा कि मीडिया के पास ब्रेक और स्पीड का पावर है जिले के विकास को लेकर वह सीधे संपर्क कर अवगत करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी के साथ मिलकर काम करना मेरा स्वभाव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य बेसिक चीज हैं जिसकी सुविधा लोगों को मिलनी चाहिए।
ग्रामीण क्षेत्रों पर भी होगा फोकस
कलेक्टर ने कहा कि तहसील स्तर पर राजस्व कैंप लगाकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी । शहरी क्षेत्र में जो काम शुरू हैं उसे जल्द करने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा जल संसाधन के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। पंचायत स्तर पर पंचायत के रेवेन्यू को बढ़ाने की दिशा में भी काम होगा।
