Sunplus Corp.
रायपुर। महादेव सट्टा मामले में केंद्रीय जेल में बंद आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिल गई है। यह ज़मानत सीबीआई केस में मिली है।
सर्वोच्च अदालत ने महादेव सट्टा प्रकरण में केंद्रीय जेल में बंद तेरह आरोपियों को ज़मानत दे दी है।जस्टिस एम एम सुंदरेश और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए यह कहते हुए ज़मानत दे दी कि, हमने विवेचना के लिए पर्याप्त समय दिया लेकिन अब तक चार्जशीट ही दाखिल नहीं हो पाई है।
इन्हें मिली जमानत
जिन्हें सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिल गई है उनमें चर्चित चंद्रभूषण वर्मा के अलावा अमित अग्रवाल, राहुल वक्टे, नितीश दीवान, सुनील दम्मानी, अर्जुन सिंह यादव, किशन वर्मा, सतीश चंद्राकर, भीम सिंह यादव, रितेश यादव ,भारत ज्योति, विश्वजीत राय चौधरी और अतुल सिंह शामिल हैं। यह ज़मानत सीबीआई केस में मिली है।
चंद्रभूषण को लेकर सीबीआई ने कहा
मामले की सुनवाई चल रही थी तब सीबीआई के अधिवक्ता ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि हमने हालिया दिनों में एक चैट बरामद की है जो कि चंद्रभूषण वर्मा और छत्तीसगढ़ के ही एक अन्य घोटाले में आरोपी के बीच की है। इस चैट में “पचास भेजा भाईजान” लिखा हुआ है। सीबीआई ने कोर्ट से कहा कि हमें चंद्रभूषण से इस संबंध में पूछताछ करनी है और यह चैट महत्वपूर्ण है। इसलिए चंद्रभूषण को ज़मानत ना दी जाए। इस पर कोर्ट ने यह कहते हुए ज़मानत दे दी कि विवेचना के लिए पर्याप्त समय दिया गया। हमें बताइये इस केस में सजा की मियाद कितनी है। सीबीआई ने विवेचना पर कहा इस मामले में सीबीआई को जांच पूरी कर चार्जशीट जल्द दाखिल करने कहा गया था।सीबीआई ने दो महीने में चार्जशीट दाखिल करने की बात कही थी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। सीबीआई ने सर्वोच्च न्यायालय से कहा कि प्रकरण की विवेचना में समय लग रहा है, प्रकरण छोटा नहीं है।
