मौजूदा कार्यकारिणी हुई भंग
मार्च तक होगा निर्वाचन
राजनांदगाँव। भाईदूज के मौके पर भगवान श्री चित्रगुप्त जी की पूजा के लिए इकट्ठा हुए कायस्थ जनों को पूजा के पूर्व जानकारी दी गई कि अब मार्च में होली के बाद पड़ने वाले भाईदूज की पूजा कायस्थ समाज के नए अध्यक्ष की अध्यक्षता में कराई जाएगी।
दीपावली के बाद 23 अक्टूबर 2025 को भाईदूज पर भगवान श्री चित्रगुप्त जी की पूजा कायस्थ जनों ने जमातपारा स्थित भगवान श्री चित्रगुप्त जी के मंदिर में की। इस मौके पर पूजा के पूर्व समाज के वरिष्ठ सदस्य सुरेन्द्र श्रीवास्तव ने सभी सामाजिक बंधुओं को जानकारी दी कि अब समाज की मौजूदा कार्यकारिणी भंग हो गई है और फिलहाल सभी दायित्व समाज के वरिष्ठ संरक्षकों और सदस्यों को सौंप दी गई है।
शुरू होगा सदस्यता अभियान
पूजा पूर्व दी गई जानकारी में वरिष्ठ सदस्य सुरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि समाज के सभी लोगों को फिर से एकजुट करने के लिए आने वाले रविवार से सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा और 31 जनवरी 2026 तक यह काम पूरा कर सदस्यता सूची जारी कर दी जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि इसके बाद फर्म एंड सोसायटी के सारे नियमों का पालन करते हुए मार्च के पहले समाज के नए अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद होली के बाद होने वाली भगवान श्री चित्रगुप्त पूजा नए अध्यक्ष के माध्यम से कराई जाएगी।
होंगे सभी एकजुट
बीते कुछ समय से समाज में बिखराव का माहौल है और कई वजहों से सभी कायस्थ जन एकजुट नहीं हो पा रहे हैं। अब जब नए चुनाव की प्रक्रिया की शुरूआत हो रही है तो लग रहा है कि फिर से समाज के सभी सदस्य, सभी परिवार एकजुट हो जाएंगे और सभी मिलकर समाज की तरक्की के लिए काम करेंगे।
