वरिष्ठ भाजपा पार्षद शिव वर्मा ने कहा- सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी अभियान
राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सरदार पटेल यूनिटी मार्च एक ऐतिहासिक जन अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
भाजपा के वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने कहा कि इस विशेष अवसर पर 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक पूरे राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में यूनिटी मार्च के अंतर्गत विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें शैक्षणिक प्रतियोगिताएं, सफाई अभियान, सेवा कार्य, और जनजागरूकता पदयात्राएं शामिल हैं, जो राष्ट्रीय एकता, स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को जन-जन तक पहुँचाएंगी।
वर्मा ने कहा कि यह यूनिटी मार्च सरदार पटेल के अदम्य नेतृत्व, कूटनीतिक कौशल और राष्ट्र की अखंड एकता के प्रति उनके समर्पण को नमन करने का अवसर है। यह यात्रा सरदार पटेल के एकीकृत भारत के दृष्टिकोण को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के मिशन से जोड़ते हुए जनभागीदारी का प्रतीक बनेगी। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में तीन दिवसीय पदयात्रा आयोजित होगी। जिसमें प्रतिदिन 8 से 10 किलोमीटर की यात्रा की जाएगी। इस दौरान जनता को ‘स्वदेशी अपनाओ आत्मनिर्भर बनो’ का संदेश दिया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी का आत्मनिर्भर भारत का संकल्प केवल एक नारा नहीं बल्कि देशभक्ति की अभिव्यक्ति है। भाजपा ने इस दिशा में 25 सितंबर पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से आत्मनिर्भर भारत अभियान की शुरुआत की है जो 25 दिसंबर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक चलेगा। इस अवधि में ‘हर घर स्वदेशी घर-घर स्वदेशी के मंत्र के साथ आत्मनिर्भर भारत संकल्प सम्मेलन आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा और अनेक लोकजागरण कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के संदेश वोकल फॉर लोकल को हर भारतीय तक पहुँचाना है। सरदार पटेल की जयंती पर होने वाला यह यूनिटी मार्च देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता की भावना को सशक्त करने वाला एक राष्ट्रव्यापी लोक आंदोलन बनेगा।
