डायरी नहीं पहुंची नांदगांव
वेल्डर की पत्नी है गर्भवती
राजनांदगांव। शहर से लगे रेवाडीह में एक निर्माणाधीन मकान में कुछ दिन पूर्व वेल्डिंग का काम कर रहे 3 मजदूर को करंट लग गया था जिसके बाद मजदूरों को रायपुर में भर्ती किया गया था। उनमें से एक मजदूर की रायपुर में मौत हो गई थी, जिस पर रायपुर में जीरो पर कायम की गई है लेकिन डायरी अभी तक राजनांदगांव नहीं पहुंची है।
खबर है कि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए लोगों पर ठेकेदार और मकान मालिक द्वारा दबाव बनाया जा रहा है कि मामला रफ़ादफा किया जाए। इस मामले में कुछ राजनीति से जुड़े नेताओं के भी दवाब बनाने की खबर है और मकान मालिक को बचाने की कोशिश की जा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रेवाडीह में निर्माणाधीन मकान किसी पूर्व अधिकारी द्वारा बनाया जा रहा है। सूत्र तो यह भी बता रहे हैं कि इनके द्वारा जो एकेडमी कालोनी में चलाई जा रही है वह भी अवैधानिक है।
उक्त मकान में वेल्डिंग का कार्य करने वाला मजदूर बजरंगपुर नवागांव के हैं और जिस मजदूर की मौत हुई है उसकी पत्नी गर्भवती बताई जा रही है। सूत्र बता रहे हैं कि यदि इस घटना में उचित कार्यवाही और मुआवजा नहीं मिलता है तो बड़ा आंदोलन करने की तैयारी चल रही है।
