डोंगरगढ़ की दीक्षा कथक में दूरदर्शन के आडिशन में हुई सफल
राजनांदगाँव/डोंगरगढ़। शहर की प्रतिभाशाली कथक नृत्यांगना दीक्षा ने दूरदर्शन के बी ग्रेड ऑडिशन में सफलता हासिल कर डोंगरगढ़ और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के साथ ही दीक्षा को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला को प्रस्तुत करने का मंच मिल गया है।
दीक्षा ने कथक नृत्य में स्नातक की पढ़ाई इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ से पूरी की है। वर्तमान में वे नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित संस्थान कथक केंद्र में गुरू गौरी दिवाकर के सान्निध्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।
दीक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों के मार्गदर्शन, माता-पिता के आशीर्वाद और निरंतर साधना को दिया। उन्होंने यह उपलब्धि अपने स्वर्गीय दादा द्वारका प्रसाद अग्रवाल को समर्पित करते हुए कहा कि उनसे उन्हें जीवनभर प्रेरणा और संस्कार मिले।
दीक्षा ने कहा कि मेरी कोशिश है कि मैं अपने नृत्य के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाऊं और आने वाली पीढ़ियों को इससे जोड़ूं। स्थानीय कला जगत और समाज के लोगों ने दीक्षा की इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
