मुख्य सचिव विकासशील ने की पत्रकारों से बातचीत
रायपुर। राज्य के नवनियुक्त मुख्य सचिव विकासशील ने पत्रकारों के एक समूह से हुई मुलाक़ात में कहा कि यदि उन्हें कोई संदेश प्रशासनिक अधिकारियों को देना है तो वह संदेश समाचार पत्रों के माध्यम से नहीं दिया जाएगा। राज्य के मुख्य सचिव विकासशील से सवाल हुआ था कि प्रशासन को वे क्या संदेश देना चाहते हैं, उन्होंने जवाब में कहा “संदेश देना चाहते हैं पर जो संदेश कलेक्टर को देना चाहते हैं वह कलेक्टर को दिया जाएगा, सचिवों को जो संदेश देना है वह सचिवों को दिया जाएगा। समाचार पत्रों के माध्यम से नहीं दिया जाएगा।”
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से रूबरू हुए सीएस विकासशील ने चुनौती और समाधान के मसले पर कहा कि आईएएस अधिकारी का काम ही ये है यदि कोई चुनौती है तो उसका समाधान खोजा जाए। सीएस ने इसके साथ यह भी याद दिलाया है कि, IAS अधिकारी को डिलिजेंस ( लगन लेकिन सतर्कता पूर्ण छानबीन) के साथ साथ पढ़ना समझना और संवेदनशील होकर काम करना चाहिए।
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा “चुनौती के समाधान के लिए जरुरी है कि इस प्रकार समाधान खोजा जाए कि समाधान से किसी का अहित ना हो। किसी का हित ना हो वह बात अलग है पर किसी का अहित कम से कम ना हो।” पत्रकारों के समूह से दो बार यह सवाल अलग शब्दों के साथ लेकिन कुलाँचें भरते हुए आया जिसका भाव था कि,ईडी की ओर से राज्य के IAS/IPS अधिकारियों के खिलाफ कथित रुप से कार्यवाही के लिए पत्र आया उस पर क्या करेंगे। इस पर सीएल विकासशील के शब्द बेहद ग़ौरतलब थे उन्होंने कहा -“मुख्य सचिव अकेले नहीं करते शासन निर्णय करेगा। पत्र देखेंगे, मैं नहीं जानता कि क्या उन्होंने लिखा है। जो भी लिखा होगा जो भी ‘नियम संगत-तर्क संगत-न्यायोचित कार्यवाही होगी, वह की जाएगी।” विदित हो कि, ईडी के दो माह से अधिक समय के एक पत्र जिसे ‘इंफ़ॉरमेशन शेयरिंग’ कहा जाता है उसे लेकर हालिया दिनों ‘ब्रेकिंग अंदाज़’ में लगातार ख़बरें तैर रही हैं।
जानकारों के मुताबिक़ मूलतः यह सूचना का केवल आदान प्रदान है। अमूमन ऐसे पत्र कोई निर्देश को समाहित नहीं करते कि कार्यवाही की जाए और किस तरह की कार्यवाही जाए। सीएस विकासशील ने चिर परिचित अंदाज में कहा कि मुख्य सचिव के तौर पर मेरा काम प्रयोग करने का नहीं है। मेरा काम यह है कि जो सचिव हैं उनको काम करने के लिये बेहतर माहौल मिले। मुख्य सचिव विकासशील ने कहा “अगर किसी सचिव के पास अच्छा आईडिया है तो उसे वो अच्छे से क्रियान्वित कर पाए, उसमें अगर कोई समन्वय करना है अंतर्विभागीय परामर्श करना है, उसमें किसी दिक्कत का समाधान करना है तो वह मेरा काम है।”
सीएस विकासशील ने राज्य के अधिकारियों की तारीफ़ करते हुए उन्हें सक्षम करार दिया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटने के बाद राज्य के सीएस नियुक्त किए गए विकासशील ने राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया है। मुख्य सचिव विकासशील ने कहा “मेरे लिए यह घर वापसी है। ऐसा लग नहीं रहा था कि मैं वापस आ पाउंगा। मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद। मेरी पूरी कोशिश होगी कि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदेश के विकास के लिए दे पाउं।”
